सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

संदेश

बाज़ार वाद

बाज़ार वाद हावी है, रोटियों के लिए बिकना पड़ता है माँ को भी। शेम्पियन सस्ती है, उनके लिए, जो दो रोटियों की कीमत में। खरीदते हैं रातें एक अबला की। बनाते रहो यूँ ही बाज़ार, तभी तो पनपता रहेगा बाज़ार वाद ।

बीत जाना होता है हमें !!

कितना कठिन होता है समय का बीत जाना, और उससे कठिन होता है उस समय से गुजर जाना; कहते हैं समय ठहरता नहीं, और कभी कभी एक पल सदियाँ लेकर खड़ा हो जाता है वर्तमान! जैसे कि नहीं बीते हो तुम मुझमें और मैं बीतते -बीतते बीत रहा हूँ तुम्हारे अन्दर   !! पर जिन्दगी के लिए बीतना ही होता है दोनों को। और हाँ कब बीता है यह समय कि अब बीत जायेगा। समय नहीं बीतता बीत जाना होता है हमें  !!

आधी रात का आधा शहर

रात के साये में फुटपाथों पर पसरा आधी रात का आधा शहर ! ठेले, खुमचे वाले, रिक्शे, चाय वाले, काम की तलाश में आये बेरोजगार ! मजबूर मजदूर और उनका परिवार सब को मखमली फुटपाथ, सुला लेता है अपनी गोद में एक माँ के जैसा। और सुबह होते ही दौड़ पड़ेगा फिर से पूरा शहर  ; पर कई पिछली रातों सा कल रात भी दिख जाएगा इन्हीं फुटपाथों पर आधी रात के बाद आधा शहर !

इस धरती की आधी दुनिया

रोटी के जरा सी जल जाने भर से जला दी जाती हैं स्त्रियाँ। बेटों के जन्म न देने भर से मार दी जाती हैं, कोख में ही बेटियाँ  ।। और वर्जित है जिन्हें प्रेम करना  ।। ये स्त्रियाँ इस समाज का आधा हिस्सा हैं, आधी दुनिया हैं इस धरती की।। जिनका  भूगोल तो बना दिया गया है, पर गणितीय सिद्धांत अभी भी सहूलियत के अनुसार बदल लेते हैं ये गणिताचार्य ।।

स्त्री विमर्श

स्त्री घर से निकल कर फिर घर में आ जाती है। हर पल वह व्यस्त है पुरुष की परवरिश में । और पुरुष निगल जाता है स्त्री का पूरा वजूद  । क्या  कहीं से कोई परिवर्तन की आशा दिखाई देती है  !! शायद अब कुछ स्त्रियाँ पुरुष बनने की प्रक्रिया से गुजरने की सोच रहीं हैं  ।। पर पुरुष ने षड्यंत्रों की परिभाषाओं को बदल दिया है। एक नया जाल किया है तैयार " स्त्री विमर्श "।

आह्वान

हर वो जंजीर जो जकड़े हुए है तुम्हें दासता या विवशता में, तोड़ना होगा। और हाँ अपनी कोमलता और सहृदयता को अब आयुध में बदलना होगा।। पर ध्यान रहे तुम्हारा दायित्व सृजन का है, कहीं यह रौद्रता प्रलयंकर न बन जाए।।

झूठी अभिलाषा

अतृप्त मन की अतृप्त जिज्ञासा, शान्त क्षणों का उद्विग्न कुहासा। तुम्हारा आना सुखद था पर, जाना तुम्हारा दुखद क्यों है? शायद मन को अभी तुम्हारे आने की है आशा। जब चले ही गए हो, फिर रह रह कर क्यों आने की आहट भर देते हो। कितना दूँ अब मेरे दिल को झूठा सा दिलासा। यह पथ भी कितना कठिन है और क्रूर नियति की क्या यही गति है, करना है पूर्ण यह जीवन पथ लिए साथ एक झूठी अभिलाषा। अतृप्त मन की अतृप्त जिज्ञासा, शान्त क्षणों का उद्विग्न कुहासा।