सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

किसे ढूंढते हैं, ये सूने नयन ?



किसे ढूंढते हैं,
ये सूने नयन ?



स्मृतियों में क्यों,
हो रहे विह्वल ,
किस हेतु उन्मीलित,
हैं ये अविरल /
स्पंदन हीन हृदय ,
औ नीरद अयन
किसे ढूंढते हैं,
ये सूने नयन ?



अछिन्न श्वासें
ढोकर ये जीवन,
भ्रमित भटका
कोलाहल, कानन/
कब मिलेगा मुझे,
वह चिर शयन!
किसे ढूंढते हैं,
ये सूने नयन ?



श्रांत हो चली अब,
ये आहत सांसें ,
होगा कब मिलन
पूर्ण होंगी आशें!
अपूर्ण रहा कुछ शेष ,
है अपूर्ण मिलन !
किसे ढूंढते हैं,
ये सूने नयन ?

टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें